भोपाल, 26 जनवरी:
निर्भया फाउंडेशन, जो विगत 30 वर्षों से सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में सामाजिक कार्य कर रहा है, ने इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम से किया। यह आयोजन भोपाल के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित निर्भया महिला आश्रय गृह में संपन्न हुआ। आश्रय गृह में घरेलू हिंसा पीड़िताओं, रेप विक्टिम्स, अनाथ, बेसहारा, जेल से रिहा कैदियों, एड्स पीड़िताओं आदि को आश्रय, भोजन, चिकित्सा, परामर्श, व्यवसायिक प्रशिक्षण और पुनर्वास की सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की शुरुआत झंडा वंदन से हुई, जिसे थाना श्यामला हिल्स के प्रभारी श्री घुमेन्द्र सिंह और निर्भया फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री शेर अफजल खान ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर श्यामला हिल्स थाने के सब-इंस्पेक्टर श्री सतीश शर्मा, थाना स्टॉफ, फाउंडेशन की उपाध्यक्ष श्रीमती मुबसिरा मसूद, निर्भया महिला आश्रय गृह की प्रभारी श्रीमती भारती नरवरे, सुश्री इंद्रा मौर्य, सुश्री अंजना गढ़वाल, सुश्री प्रिया चौधरी और समस्त स्टॉफ सहित गृह की महिलाएं एवं बच्चियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने सभी को प्रेरित किया और वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
थाना प्रभारी श्री घुमेन्द्र सिंह ने अपने संबोधन में फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निर्भया फाउंडेशन न केवल पीड़ित महिलाओं को आश्रय देता है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक सुविधाएं भी प्रदान करता है।
अध्यक्ष श्री शेर अफजल खान ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह दिन हमें संविधान और देश के प्रति हमारी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है।
यह आयोजन न केवल गणतंत्र दिवस की महत्ता को दर्शाता है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक और कदम है।